आशिकों की गली में
Season–1कुछ यूँ ही है मेरी आशिकी
जब उसकी बाँहों को पकड़कर, आँखों में आँखें डालकर
मोहब्बत बयाँ करने का समय था,
तो अजनबी बना रहा...
और आज हालात तो यूँ हैं—
कि वो कहाँ?
और मैं कहाँ?
एक बेचैनी—
हर वक़्त ज़ुबाँ पर उसके नाम को
अपने साये में समेटना चाहती है,
और एक ज़िक्र बनकर,
उसके अल्फ़ाज़ में अपनी मोहब्बत को
देखना चाहती है...
एक पैग़ाम बनकर,
रोज़ शाम गलियों से गुजरती
मेरी गुनगुनाहट,
तेरे लफ़्ज़ों को
अपनी नज़्मों में चूमना चाहती है,
और तेरे होंठों की मुस्कान की तस्वीर को
आँखों में भरकर,
तुझमें डूबना चाहती है...
ख़्वाबों का एक सिलसिला,
जिसे तुमने चलाया,
आज भी एक इम्तिहान बनकर
अपनी मंज़िल की तलाश कर रहा है,
और शब्दों की ये रवानी,
तेरे क़दमों तले
अपने जुगनुओं की शाम देखना चाहती है...
दिल की ज़रूरतें,
किन्हीं ख़्वाहिशों की कश्ती में बैठ,
पन्नों की कहानियों में सिमट रही हैं,
और ज़िन्दगी का फैलाव,
अपनी उम्र को तेरी रूह में भरकर,
तेरे साये में सदियाँ समेटना चाहता है...
एक अनबन,
जो तेरे और मेरे बीच
हमेशा बनी रहती है,
इश्क़ की बाँहों में
उसमें तेरी मासूमियत देखती है,
और घड़ी की सुइयों-सी,
हर मोड़ पर तेरी वापसी,
शतरंज के इस खेल में,
एक वक़्त बनकर
तुझे जीतना चाहती है...
शायद...
चाहत के समंदर में डूबती,
कुछ यूँ ही है मेरी आशिकी...
🌿 Written by Rishabh Bhatt 🌿
✒️ Poet in Hindi | English | Urdu
💼 Engineer by profession, Author by passion
Author's Note
हर कविता के पीछे की छोटी-सी कहानीउस वक़्त उसके पास होकर भी मैं उससे बहुत दूर था। मेरे पास कहने को बहुत कुछ था, मगर उसकी आँखों में देखकर कह देने का साहस नहीं था। उसके हाथों को थामकर रोक सकता था, उसकी मुस्कान को अपनी याद बना सकता था, और शायद अपने दिल की बात भी कह सकता था… लेकिन मैंने ख़ामोशी को चुन लिया।
मुझे लगा था, सही वक़्त आएगा तो सब कह दूँगा। वक़्त आया भी, मगर मेरे हिस्से में हिम्मत नहीं आई।
फिर रास्ते अलग हुए। मुलाक़ातें यादों में बदल गईं और वो इंसान, जो मेरे सामने बैठा करता था, मेरी कहानियों का सबसे ज़रूरी किरदार बन गया। उसके बाद मैंने जितना उसे भूलने की कोशिश की, उतना ही उसका नाम मेरे शब्दों में उतरता चला गया।
आज भी कोई शाम उसकी याद के बिना पूरी नहीं होती। कोई पन्ना ऐसा नहीं मिलता, जहाँ उसकी परछाईं न ठहरी हो। मेरी गुनगुनाहट में उसके लफ़्ज़ आ जाते हैं, मेरी नज़्मों में उसकी मुस्कान लौट आती है और मेरी ख़्वाहिशें अब किसी मुलाक़ात की नहीं, बस उस एहसास की तलाश करती हैं जिसे मैंने उस वक़्त समझने में देर कर दी थी।
शायद मेरी मोहब्बत की सबसे बड़ी कहानी यही है— मैं उसे पा नहीं सका, मगर उसे लिखना भी छोड़ नहीं पाया। और अगर आने वाले वक़्त में कभी हमारी राहें फिर एक-दूसरे तक पहुँच गईं, तो इस बार मैं अपनी ख़ामोशी को हमारे बीच खड़ा नहीं होने दूँगा। जो बात उस वक़्त आँखों में रह गई थी, उसे इस बार लफ़्ज़ मिलेंगे।
तब तक ये इश्क़ मेरे पन्नों पर अपना रास्ता खोजता रहेगा। क्योंकि मेरी आशिकी किसी एक मुलाक़ात, किसी एक वक़्त या किसी एक इंसान के मिल जाने की कहानी नहीं है। ये उस अधूरे एहसास की रवानी है, जो कल भी मेरे साथ थी, आज भी मेरे शब्दों में है और शायद कल भी मेरी किसी नज़्म में उसका नाम ढूँढती रहेगी।
कुछ यूँ ही है मेरी आशिकी…
और अब आपसे एक सवाल है—क्या आपकी ज़िन्दगी में भी कोई ऐसा एहसास रहा है, जिसे आप वक़्त रहते कह नहीं पाए? अगर हाँ, तो इस कहानी को पढ़कर उसे एक बार याद ज़रूर कीजिए… और बताइए, आपकी आशिकी कुछ यूँ ही थी या कुछ और?
इस सीज़न की सभी कविताएँ ✨
More Titles by the Author

This poetry really amazing and heart touching
ReplyDeleteThanks
DeleteYour writing skill is really amazing 👌😍
ReplyDelete